पालतू डॉग बेला और बिल्ली जैस्मिन को खोकर भावुक हुईं दिशा पटानी, बोलीं- ‘तुम हमेशा मेरे दिल में रहोगे’

Manu Shrivastava
2 Min Read
दिशा पटानी
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पटानी इन दिनों गहरे दुख से गुजर रही हैं। उनके सबसे प्यारे पालतू डॉग बेला और बिल्ली जैस्मिन का निधन हो गया, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक पोस्ट शेयर किए। माना जा रहा है कि दोनों पालतू जानवरों की मौत एक ही दिन हुई। दिशा ने उन्हें अपना पहला बच्चा बताते हुए उनके साथ बिताए खूबसूरत पलों को तस्वीरों और वीडियो के जरिए याद किया। उनकी पोस्ट ने फैंस को भी भावुक कर दिया।

बेला के लिए लिखा दिल छू लेने वाला संदेश

दिशा ने सबसे पहले अपने डॉग बेला को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बेला के पपी बनने से लेकर उसके साथ बिताए कई यादगार पलों की तस्वीरें साझा कीं। एक फोटो में बेला पर्दे के पास मासूम अंदाज में बैठा नजर आ रहा है, जबकि अन्य तस्वीरों में दिशा उसे प्यार से गले लगाती और दुलार करती दिखाई दे रही हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “मेरी बेला, इस जिंदगी को इतना खूबसूरत और रंगीन बनाने के लिए शुक्रिया। मुझे अपनी मां के रूप में चुनने के लिए धन्यवाद। तुमने मुझे सच्चे प्यार का मतलब सिखाया। मैंने तुम्हारी आंखों में अपनी पूरी दुनिया देखी। मैं तुम्हें हमेशा सबसे ज्यादा प्यार करूंगी। भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”

जैस्मिन को बताया हमेशा की ‘प्रिंसेस’

बेला को याद करने के कुछ समय बाद दिशा ने अपनी पालतू बिल्ली जैस्मिन के लिए भी एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि जैस्मिन हमेशा उनकी “प्रिंसेस” रहेगी। दिशा ने उसके पंजों का अपने हाथों को छूना और उसके प्यार भरे गुर्राने की आवाज को अपनी सबसे अनमोल याद बताया। उन्होंने कहा कि उसकी मां होना उनके लिए गर्व की बात थी और उस एहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। दिशा की इन भावनात्मक पोस्ट ने यह दिखाया कि इंसानों और उनके पालतू जानवरों के बीच का रिश्ता कितना गहरा और अनमोल होता है।

Share This Article