नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को हरिद्वार में स्वामी रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क प्राइवेट लिमिटेड में अपनी सुरक्षा विंग के सभी 34 स्वीकृत पदों को खत्म करने का निर्देश दिया है।

यह आदेश बल के परिसर से अपनी सुरक्षा हटाने के कुछ महीनों बाद आया है।
सीआईएसएफ ने इस वर्ष चार मई को पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क से अपनी सुरक्षा हटा ली थी। सुरक्षा हटाने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अब औपचारिक रूप से उन पदों को खत्म करने का आदेश दिया है जो इस परिसर में तैनात सीआईएसएफ सुरक्षा विंग की स्वीकृत संख्या का हिस्सा थे।
विंग की मौजूदा स्वीकृत संख्या में एक असिस्टेंट कमांडेंट, चार सब-इंस्पेक्टर, दो असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर, 11 हेड कांस्टेबल और 16 कांस्टेबल शामिल थे। गृह मंत्रालय ने पदों को खत्म करने के आदेश के साथ ही बकाया भुगतान के संबंध में भी निर्देश जारी किया गया है।
सीआईएसएफ जून, 2015 से पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क को सुरक्षा प्रदान कर रही थी। यह तैनाती तब की गई थी जब इस कंपनी के सुरक्षा गार्डों और स्थानीय ट्रक यूनियन के समर्थकों के बीच हुई झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।


