बिहार को आत्मनिर्भर बनने के लिए औद्योगिकीरण पर बल देना होगा: संजय जायसवाल

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: केंद्र सरकार द्वारा जारी आम बजट को लेकर भाजपा और जदयू आमने-सामने नजर आ रहे हैं।

जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को बजट में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने के कारण इसे निराशाजनक बजट बताया था।

उसके जवाब में बुधवार को बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिए औद्योगीकरण पर बल देना होगा।

उन्होंने कहा कि यह नहीं चलेगा कि दूसरा राज्य कमाए और दूसरे को दे।

जायसवाल से जब पत्रकारों ने जदयू नेता कुशवाहा द्वारा निराशाजनक बजट करार दिए जाने के संबंध में पूछा तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे सकारात्मक बजट बताते हुए तारीफ की है।

उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि विधान पार्षद के प्रश्नों का जवाब हमारे दल के विधान पार्षद दे देंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीब राज्यों के लिए जिस तरीके से प्रावधान किया गया है उसका बड़ा फायदा बिहार को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही बिहार को केंद्र सरकार से ज्यादा पैसा मिल रहा है।

पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र जैसे राज्यों की आबादी बिहार से ज्यादा है लेकिन फिर भी बिहार को उन राज्यों से 5 प्रतिशत ज्यादा पैसा मिल रहा है। बिहार को उत्तर प्रदेश के बाद केंद्र से सबसे ज्यादा राशि मिल रही है।

जायसवाल ने साफ लहजे में कहा कि बिहार सरकार को अपने तरह से रेवेन्यू कलेक्ट करना होगा। यही नहीं चलेगा कि केरल, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडू पैसा कमाये और दूसरे प्रदेश को दे।

बिहार को अब आत्मनिर्भर बनने कों लेकर पहला लक्ष्य औद्योगीकरण की ओर बढ़ने का होना चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि बिहार का जो बजट आएगा वह उद्योगों को बढ़ावा देने वाला बजट होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि हमने जो नौकरी देने का वादा किया है, उसके लिए उद्योग बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Share This Article