गृहमंत्री अमित शाह ने कानपुर में किया रोड शो, छतों से हुई पुष्पवर्षा

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कानपुर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कानपुर में भाजपा प्रत्यशियों के लिए रोड शो किया।

करीब पौने चार किलोमीटर लंबे रोड शो में अमित शाह ने लोगों का अभिवादन करते हुए उनकी ओर फूल फेंके तो लोगों ने भी अपने घर के छज्जों, छतों से फूलों की बारिश कर दी।

पूरे रास्ते में जगह-जगह सड़क के किनारे सैकड़ों की भीड़ उन्हें देखकर नारे लगाती रही। दोनों क्षेत्रों के प्रत्याशी भी उनके साथ रोड शो के रथ पर सवार रहे।

कानपुर के बजरिया चौराहे पर रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए। वहीं पुष्पवर्षा कर अमित शाह का शानदार स्वागत किया गया।

घर-घर संपर्क अभियान के जरिए कानपुर की जनता से भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोटिंग की अपील की गई।

वहीं रथ पर सवार अमित शाह ने हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया। रोड शो के दौरान हाथों में पार्टी के झंडे थामे कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ दिखाई दी।

इसके बाद कारों के काफिले के साथ अमित शाह घंटाघर पहुंचे। वहां पहले से ही दूसरा रथ तैयार था। यहां आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेश अवस्थी को वह साथ में लेकर रथ में बैठे।

यहां व्यापार मंडलों ने उनका माइक के जरिए स्वागत शुरू किया। नारेबाजी के बीच रोड शो शुरू हुआ। रोड शो में शहर के सबसे घने बाजारों के बीच से निकला।

यहां नयागंज किराना, नयागंज सराफा, बिहराना रोड सराफा बाजार से रोड शो गुजरा। पुलिस ने दोनों तरफ रस्से लगा रखे थे, फिर भी वहां दोनों तरफ भीड़ जुटी हुई थी।

इससे पहले, वह सपा के गढ़ मैनपुरी में जमकर बरसे। उन्होंने कहा, अखिलेश बाबू की सरकार परिवार के लिए चलती है।

सपा सरकार में सभी जाति के लोगों का काम नहीं होता था। भाजपा जातिवाद को उखाड़ कर फेंकने में सफल हुई है।

आज गुंडे माफिया पुलिस से डरते हैं। अखिलेश सरकार में पुलिस उनसे डरती थी। उन्होंने लोगों से पूछा कि अगर अखिलेश आएंगे तो जेल में बंद माफिया कहां रहेंगे।

अमित शाह ने कहा कि मैनपुरी महर्षि मार्कडेय की तपोभूमि है। यहां महाराज तेज सिंह ने लड़ते-लड़ते अंग्रेजों को उल्टे पैर भगा दिया था।

इस पावन भूमि को प्रणाम करता हूं। यूपी में दो चरणों का चुनाव समाप्त हुआ है। सपा का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा के 300 पार के लक्ष्य के लिए नींव डालने का काम पश्चिमी यूपी वालों ने किया है।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में लोग कहते थे कि लॉकडाउन हुआ तो गरीब लोग भूखे मर जाएंगे। गरीब का घर कैसे चलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो साल तक हर व्यक्ति को पांच किलो अनाज देने का काम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेल, दाल और नमक दिया। बताओ सपा सरकार ये कर सकती थी क्या।

Share This Article