रांची रिम्स में लालू का दरबार बंद, सिर्फ शनिवार को होगी मुलाकात

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के रिम्स में भर्ती राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव के अस्पताल वार्ड में दरबार लगाने की खबरों के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जेल प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपना लिया है और उनके दरबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अब सिर्फ शनिवार को लालू यादव की सहमति से ही उनसे मिलने की अनुमति दी जाएगी।

बिरसा मुंडा जेल के अधिकारियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि 15 फरवरी को चारा घोटाले में दोषी करार दिये जाने के बाद राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज के लिए भर्ती लालू प्रसाद यादव लगातार अपने वार्ड में दरबार लगा रहे थे, जिसे देखते हुए उनसे मिलने वालों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी है।

उन्होंने बताया कि अब सिर्फ तीन लोगों को ही लालू यादव की सहमति से केवल शनिवार को ही उनसे मुलाकात करने की अनुमति दी जायेगी।

इससे पहले लालू प्रसाद से लोगों के बेरोकटोक मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जेल प्रशासन और रिम्स की भारी किरकिरी हुई।

चारा घोटाला मामले में लालू यादव की सजा पर विशेष सीबीआई अदालत यहां 21 फरवरी को सुनवाई करेगी।

इस बीच, रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के अधीक्षक हामिद अख्तर की ओर से शुक्रवार को बयान भी जारी किया गया कि लालू प्रसाद से मुलाकात के लिए शनिवार का दिन तय किया गया है।

Share This Article