Ukraine crisis : भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए किरेन रिजिजू कोसिसे पहुंचे

News Aroma Media
1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: युद्धग्रस्त यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के कारण फंस गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने में समन्वय के लिए कानून मंत्री किरेन रिजिजू बुधवार को यूक्रेन के पड़ोसी देश स्लोवाकिया के कोसिसे शहर पहुंचे।

रिजिजू के अलावा, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, हरदीप पुरी और वी के सिंह को भी युद्धग्रस्त देश में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए विशेष दूत के तौर पर यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजा गया है।

उन्हें भारतीयों की निकासी संबंधी मिशन के लिए समन्वय कायम करने और छात्रों की मदद करने के लिए भेजा गया है।

रिजिजू के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘ किरेन रिजिजू भारतीयों को वापस लाने के वास्ते चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के लिए यूक्रेन की सीमा के पास कोसिसे हवाई अड्डा पहुंच गए हैं।

स्लोवाकिया में भारत के राजदूत वनलालहुमा तथा पंकज फुकन और ब्रसेल्स तथा बेल्जियम भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव ने उनका स्वागत किया।’’

रिजिजू के कार्यालय ने हवाई अड्डे पर ली गईं मंत्री की तस्वीरें भी साझा कीं।

रिजिजू, ‘स्पाइसजेट’ के विमान में स्लोवाकिया पहुंचे। इस विमान को यूक्रेन की सीमा पार कर स्लोवाकिया पहुंचे भारतीय नागरिकों को लेने के लिए भेजा गया है।

Share This Article