झारखंड विधानसभा : भगवा कपड़े में विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दसवें दिन शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम का असर झारखंड विधानसभा में भी देखने को मिला।

शुक्रवार को विधानसभा का बजट सत्र में शामिल होने के लिए भाजपा के सभी विधायक भगवा वस्त्र धारण कर विधानसभा पहुंचें।

विधानसभा मुख्य द्वार पर जय श्री राम और हर हर महादेव के नारे लगाए। सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि यूपी में बुलडोजर बाबा का बुलडोजर चल गया और परिवारवाद का सफाया हो गया।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी परिवारवाद वाली पार्टी कांग्रेस को तो जनता ने पूरे देश से चलता तो कर ही दिया है, अखिलेश यादव को भी जनता ने धूल चटाया है।

ढुल्लू महतो ने कहा

 

मौके पर भाजपा विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि चार राज्यों का चुनाव परिणाम तो झांकी है। असली रिजल्ट तो 2024 में आना है।

उन्होंने दावा किया कि 2024 में पूरे देश मे फिर से भगवा लहराएगा और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा की जनता ने यह बता दिया कि देश और प्रदेश में अब सिर्फ और सिर्फ विकास की राजनीति चलेगी, तुष्टिकरण की राजनीति के लिए अब कोई जगह नहीं है।

विधायक मनीष जयसवाल ने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर जनता ने वोट किया है। परिवारवाद की राजनीति करनेवालों को तमाचा जड़ने का काम किया है।

एक सवाल के जवाब में उन्होनें कहा कि झारखंड की सरकार के लिए भी यह चुनाव परिणाम संदेश है कि वे अभी से तुष्टिकरण की राजनीति करने से बाज आये अन्यथा इनका भी हश्र यही होनेवाला है।

उन्होंने कहा कि जैसे झारखंड सरकार ने उर्दू को राज्य के सभी जिले में क्षेत्रीय भाषा का दर्जा दिया है और हिंदी को नहीं, इसका जवाब भी झारखंड की जनता देगी।

Share This Article