झारखंड : गेरुआ वस्त्र में चावल मांगने पहुंचे साधु ने नाबालिग लड़की के साथ किया दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: तोरपा थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ एक गेरुआ वस्त्र धारी ने दुष्कर्म (Rape) किया।

पुलिस ने आरोपित दीपक कुमार पांडेय (28) के अलावा घटना के वक्त वहां मौजूद उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार किया है।

पीडित के बयान पर तोरपा थाने में तीनों कथित साधुओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

गिरफ्तार अरोपितों में लोहरदगा जिले के नदिया निवासी दीपक कुमार पांडेय, औरंगाबाद बिहार के नवीनगर निवासी भोला पंडा और वहीं का अनूप पंडा शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार को गेरुआ वस्त्र धारी तीन लोग तोरपा थाना के एक गांव में पहुंचे और एक घर में जाकर घर वालों से चावल की मांग की। घर की एक महिला ने एक सूप में चावल दे दिया।

घर में ग्रह का चक्कर है

चावल को देखकर तीनों ने कहा कि उनके घर में ग्रह का चक्कर है। घर वालों को ताबीज लेना होगा अन्यथा बहुत अनिष्ट हो सकता है।

बातचीत के समय पीडित के अलावा उसके माता-पिता और बड़ा भाई भी मौजूद था। इस बीच 12 वर्षीय बच्ची पानी पीने के लिए घर के अंदर गयी, तो दीपक कुमार पांडेय भी बच्ची के पीछे-पीछे घर के अंदर चला गया और उसे हवस का शिकार बनाया।

गांव वालों ने खदेड़कर पकड़ा

बच्ची के शोर मचाने पर घर वाले कमरे में पहुंचे और दीपक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।

उसी दौरान गांव वाले भी वहां जुट गये। यह देख उसके दोनों साथी भागने लगे लेकिन गांव वालों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह और अवर निरीक्षक अकबर खान उक्त गांव पहुंचे और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीडित की मेडिकल जांच करा ली है।

Share This Article