चार दिवसीय दौरे पर 7 जनवरी को आएंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी

News Aroma
2 Min Read
चार दिवसीय दौरे पर 7 जनवरी को आएंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार, पलामू, गढ़वा और चतरा की सांगठनिक बैठकों में होंगे शामिल

रांची : राज्यसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी 7 जनवरी को रांची आयेंगे। वे झारखंड के चार जिलों में सांगठनिक प्रवास पर रहेंगे। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने दी।

आदित्य साहू ने बताया कि डॉ. वाजपेयी अपने संगठनिक प्रवास के क्रम में वे अलग-अलग जिलों के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष, जिलों में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, नगर निकायों के महापौर, उप महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री के साथ बैठक को संबोधित करेंगे।

प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में होंगे शामिल

उन्होंने बताया कि डॉ. वाजपेई मंडल कार्यसमिति,मंडल के सभी सात मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, शक्ति केंद्र संयोजक, सह संयोजक के साथ मंडल में निवास करने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि डॉ वाजपेई का प्रवास 7 जनवरी को लातेहार, 8 जनवरी को पलामू, 9 जनवरी को गढ़वा और 10 जनवरी को चतरा में निर्धारित है। इससे पहले भी वे झारखंड दौरे पर पहुंचे थे. उस समय झारखंड के कई नेताओं के साथ बैठक भी की थी और आगामी राजनीति पर रणनीति भी तैयारी की थी।

9 सिंतबर को बने थे प्रदेश प्रभारी

मालूम हो कि 9 सिंतबर को भाजपा ने झारखंड समेत कई राज्यों के प्रदेश प्रभारियों का एलान किया था। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने झारखंड समेत 15 राज्यों के प्रदेश प्रभारी बदले। झारखंड के प्रदेश प्रभारी सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को बनाया गया। डॉ. वाजपेयी पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। वे यूपी विधानसभा के चार बार सदस्य रह चुके हैं। ब्राह्मण चेहरों में इनकी गिनती कद्दावर नेता के रूप में है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में डॉ. वाजपेयी उत्तर प्रदेश के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष थे।

Share This Article