गोड्डा से देवघर तक कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली कल, चारों मंत्री होंगे शामिल

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी की ओर से 31 जनवरी को विशाल हुल आगाज ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इसके लिए पार्टी की ओर से सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने शनिवार को बताया कि गोड्डा जिले के कारगिल चौक से देवघर जिले के रोहिणी तक आयोजित होने वाली ट्रैक्टर रैली में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख और बन्ना गुप्ता के अलावा अन्य विधायक व वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे।

रैली में भाग लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव आज ही गोड्डा के लिए सड़क मार्ग द्वारा रवाना हो गए हैं।

इस रैली के संयोजक विधायक प्रदीप यादव है और उनके नेतृत्व में रैली को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

ट्रैक्टर रैली में हजारों किसान हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि रैली गोड्डा में कारगिल चौक से होते हुए देवघर के रोहिणी स्थित शहीद स्थल तक जाएगी।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने इस रैली को सफल बनाने के लिए कई जिलों में भी अभियान चलाया है और लोगों से इस रैली में हिस्सा लेने की अपील की गयी है।

उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग और लोकतांत्रिक तरीके से रैली के माध्यम से केंद्र का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। देश हित में इन कानूनों को वापस लेने की भी मांग की जाएगी। इस रैली की गूंज सिदो कान्हू की धरती से उठकर नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार तक सुनाई देगी।

आगे राज्य के पांचों प्रमंडल में इस तरह की रैलियां निकाली जाएंगी। इसके लिए अभी तिथि तय नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि गांधीवादी तरीके से किसानों के समर्थन में एक मजबूत आवाज केंद्र सरकार के कानों तक पहुंचाई जाएगी वरना आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेगी। किसानों का इतना लम्बा आन्दोलन चलना देश हित में नहीं है।

Share This Article