नाबालिग के अपहरण होने के बाद भड़की हिंसा, घरों में आगजनी, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड के झिमडी गांव में गुरुवार को एक नाबालिग लड़की के अपहरण की घटना के बाद शनिवार को हिंसा भड़क उठी। गुस्साए ग्रामीणों ने एक पक्ष के कई घरों में आग लगा दी और सड़कों पर हंगामा किया।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके जवाब में कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया। स्थिति को काबू में करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, SP मुकेश लुनायत, SDPO, DSP, और पांच थानों की पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है। पुलिस फ्लैग मार्च की तैयारी कर रही है ताकि तनावपूर्ण माहौल में शांति बहाल की जा सके।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम चार लड़कों ने नीमडीह के झिमडी गांव से एक नाबालिग लड़की का अपहरण किया। शनिवार शाम तक लड़की के घर न लौटने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने अपहरण में शामिल संदिग्धों के घरों को निशाना बनाया और कई घरों में आग लगा दी। कुछ दुकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

हिंसा की खबर मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

SP मुकेश लुनायत ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और अपहरण के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस ने अपहरण के चार संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से अपहरणकर्ताओं का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फ्लैग मार्च और गश्त बढ़ाकर क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयास जारी है।

Share This Article