नवीन बूरा सेमीफाइनल में पहुंचे, पक्का किया पदक

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : भारतीय मुक्केबाज नवीन बूरा (69 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुल्गारिया के सोफिया में चल रहे 72वें स्ट्रांजा मेमोरियल टूनार्मेंट के तीसरे दिन सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इसके साथ उन्होंने भारत के लिए एक पदक पक्का कर लिया है।

2019 के राष्ट्रीय चैंपियन नवीन ने ब्राजील के एराविओ एडसन को 5-0 से हराकर 69 किलो भाग वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इसके साथ ही उन्होंने देश के लिए कम से कम कांस्य पदक तो पक्का कर लिया है।

नवीन के अलावा अपना पहला सीनियर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रहे मनजीत सिंह (91 किग्रा) ने आयरलैंड के गितिस लिसिन्सकास को 4-0 से मात दी और क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

हरियाणा के मुक्केबाज मनजीत का आज अगले दौर में मुकाबला अर्मेनिया बी के गुर्गेन होवहानिस्यान से होगा।

इनके अलावा ज्योति गुलिया, भाग्यवती कचारी और दीपक कुमार भी आज क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उतरेंगे। 2017 यूथ विश्व चैंपियन ज्योति ने पिछले दौर में दो बार की विश्व चैंपियन कजाखस्तान की नाजिम किजाएबे को हराया था।

ज्योति का 51 किग्रा वर्ग में रोमानिया की लाकरामिओआरा पेरिजोक से मुकाबला होगा जबकि भाग्यवती (75 किग्रा) वर्ग में मुकाबला अमेरिका की नाओमी ग्राहम से होगा।

पुरुष 52 किग्रा वर्ग में एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता दीपक का बुल्गारिया के दारिस्लाव वासिलेव से मैच होगा।

Share This Article