बोकारो में पेट्रोल पंप से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro Crime News: बालीडीह थाना पुलिस ने बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले चार महीनों से पेट्रोल पंपों के CNG डीजी सेट से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में रौशन कुमार वर्मा उर्फ धीरज वर्मा, मुकुल कुमार उर्फ सिल्दु, अनुराग कुमार और सागर कुमार उर्फ इंजीनियर शामिल हैं। सभी आरोपी चास थाना क्षेत्र के यदुवंश नगर के निवासी हैं।

प्रेस वार्ता में खुलासा

बुधवार को बालीडीह थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता ने बताया कि पिछले दो महीनों से इंडियन ऑयल पेट्रोल पंपों के CNG डीजी सेट से बड़े साइज की बैटरी चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं।

इन घटनाओं के संबंध में जरीडीह, चास और बालीडीह थानों में मामले दर्ज किए गए थे। चोरी को रोकने के लिए डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

पांच मामलों का उद्भेदन

टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच मामलों का खुलासा किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल ओमनी कार, आठ बैटरी, मोबाइल और पिलास बरामद किए हैं। डीएसपी गुप्ता ने बताया कि कुल 22 बैटरी चोरी हुई थीं, जिनमें से आठ की बरामदगी हो चुकी है। शेष बैटरी की तलाश जारी है।

मास्टरमाइंड है इलेक्ट्रीशियन

गिरोह का मास्टरमाइंड सागर कुमार उर्फ इंजीनियर पेट्रोल पंपों में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था, जिसने अपनी तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग कर चोरी को अंजाम दिया। गिरोह चोरी की बैटरी को कोलकाता सहित अन्य जगहों पर बेच देता था। रौशन कुमार वर्मा का पहले से अपराधिक इतिहास रहा है, और उनके खिलाफ गोमिया और मधुबन थानों में मामले दर्ज हैं।

DSP ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस शेष बैटरी और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई बोकारो में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article