
Garhwa News : गढ़वा में सड़क जीर्णोद्धार कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पलामू सांसद बीडी राम ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सड़क परियोजनाओं को जिलों के आधार पर अलग-अलग शिलान्यास किए जाने पर सवाल उठाए।
गढ़वा शहर के टंडवा चौक से बिखही मोड़ तक बनने वाली सड़क के जीर्णोद्धार कार्य का रविवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लगभग 13 किलोमीटर लंबी है और गढ़वा-पलामू सीमा क्षेत्र को जोड़ती है।
कार्यक्रम में सांसद बीडी राम और भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस मौके पर सांसद बीडी राम ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग दिशा बैठक में उठाई गई थी, जिसके बाद अब इसका कार्य शुरू हो रहा है। उन्होंने बताया कि पूरी सड़क करीब 35 किलोमीटर लंबी है, लेकिन अभी केवल गढ़वा क्षेत्र के हिस्से का शिलान्यास किया गया है, जबकि पलामू क्षेत्र के हिस्से का शिलान्यास बाद में होगा।
उन्होंने कहा कि एक ही सड़क परियोजना को जिलों में बांटकर अलग-अलग शिलान्यास करना समझ से परे है और यह पहली बार देखने को मिल रहा है।
वहीं विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने इसे पलामू सांसद की बड़ी पहल बताते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क और आधारभूत संरचना के विकास को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी कराई गई हैं, जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है।

