बराकर नदी में पुल की रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे जा गिरा ट्रेलर, वायरल हो रही Video

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: सोमवार देर रात झारखंड के डुमरी-गिरिडीह रोड पर एक भयावह हादसा हुआ, जब एक ट्रेलर बराकर नदी के पुल की रेलिंग तोड़कर 40 फीट नीचे जा गिरा।

इस हादसे में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि ड्राइवर अकील नवाज ने ट्रेलर के टायर पर बैठकर अपनी जान बचाई और उफनती नदी में कई घंटों तक जीवटता दिखाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ड्राइवर को नदी में ट्रेलर के टायर पर बैठे देखा जा सकता है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर पाइप लोड करके रांची की ओर जा रहा था। रात करीब 1 बजे डुमरी-गिरिडीह रोड पर बराकर नदी के पुल पर ट्रेलर का एक टायर फिसल गया, जिससे ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए 40 फीट नीचे नदी में जा गिरा।

कोडरमा के काठीबस्ती निवासी ड्राइवर अकील नवाज किसी तरह ट्रेलर से बाहर निकला और एक टायर को थामकर उस पर बैठ गया। तेज बहाव वाली नदी में वह पूरी रात जान बचाने की जद्दोजहद करता रहा।

रातभर मदद की गुहार, सुबह मिला सहारा

हादसे के बाद अकील ने कई बार मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन रात के अंधेरे और सुनसान इलाके के कारण उसकी आवाज अनसुनी रही। कुछ देर बाद नदी के किनारे मौजूद एक व्यक्ति ने टॉर्च की रोशनी देखी, जिसके जवाब में अकील ने भी अपनी टॉर्च जलाकर संकेत दिया।

 

इसके बाद उनके साथियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रस्सी फेंकने की कोशिश की। मछुआरों ने सबसे पहले इस घटना को देखा और 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन

सुबह होते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवक जितेंद्र राय, आशीष राय, अरबाज और अन्य ने नदी में उतरकर ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस और स्थानीय लोगों के इस साहसिक प्रयास ने अकील की जान बचा ली। रेस्क्यू ऑपरेशन में करीब चार घंटे लगे।

Share This Article