
Jharkhand News: झारखंड के गिरिडीह जिले के गांवा थाना हाजत में बंद दो महिलाओं की हत्या के आरोपी श्रीकांत चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद गिरिडीह SP डॉ. बिमल कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, श्रीकांत चौधरी को 6 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर हाजत में बंद किया गया था। हाजत में ही उसने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। लेकिन मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। श्रीकांत के पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि बेटे की मौत की सच्चाई सामने लाई जाए।
पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच के आदेश
इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। SDPO राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी को लाइन हाजिर इसलिए किया गया है ताकि जांच टीम बिना किसी दबाव के मामले की निष्पक्ष पड़ताल कर सके। जांच पूरी होने तक गांवा के सर्किल इंस्पेक्टर को थाना की कमान सौंपी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगी पोल
मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। SP ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। परिजनों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

