सिंगापुर दौरे का बड़ा असर, यूपी को 6,650 करोड़ के निवेश की सौगात

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन उत्तर प्रदेश के लिए बड़े निवेश समझौते सुनिश्चित किए। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने यूनिवर्सल सक्सेस ग्रुप के साथ तीन महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को प्रदेश की नीतिगत स्थिरता और औद्योगिक विकास की संभावनाओं से अवगत कराया।

आपको बता दें कि सिंगापुर दौरे में कुल 6,650 करोड़ रुपये के निवेश के तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए। ये निवेश ग्रुप हाउसिंग, लॉजिस्टिक्स पार्क और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में होंगे। इन परियोजनाओं से लगभग 20,000 से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और शहरी विकास को नई गति मिलेगी। प्रस्तावित तीनों परियोजनाओं को वर्ष 2027 तक शुरू किए जाने की योजना है।

पहली परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के पास 100 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। दूसरी परियोजना कानपुर-लखनऊ हाईवे पर 50 एकड़ भूमि में लॉजिस्टिक्स पार्क के रूप में स्थापित होगी। तीसरी परियोजना नोएडा/ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में 10 एकड़ भूमि पर 40 मेगावाट क्षमता वाले हाइपरस्केल डेटा सेंटर पार्क के रूप में विकसित की जाएगी।

इन निवेशों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को मजबूत करना, निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देना, शहरी बुनियादी ढांचे का विस्तार करना और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन सुनिश्चित करना है। साथ ही, डेटा सेंटर और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश से प्रदेश को टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में निवेशकों के साथ संवाद कर प्रदेश की अनुकूल औद्योगिक नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी और तेज़ी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे को प्रस्तुत किया। एमओयू के माध्यम से परियोजनाओं के लिए भूमि, नीतिगत समर्थन और प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे 3,500 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय थीम आधारित टाउनशिप, 650 करोड़ रुपये का लॉजिस्टिक्स पार्क और 2,500 करोड़ रुपये का डेटा सेंटर पार्क चरणबद्ध तरीके से विकसित किए जाएंगे।

Share This Article