गुवाहाटी: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को असम और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। ईडी ने यह कार्रवाई म्यांमा सीमा के रास्ते विदेश से लाई गई सुपारी की कथित तौर पर भारत में तस्करी करने वाले एक गिरोह के खिलाफ धन शोधन की जांच के सिलसिले में की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह गिरोह भारत-म्यांमा अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए इंडोनेशिया और थाईलैंड की सुपारी को मिजोरम में लाता था। अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए स्थानीय निवासियों को कंपनियों का मुखौटा मालिक बनाया गया और फिर इनके (कंपनियों के) जरिये सैकड़ों करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के गुवाहाटी क्षेत्र कार्यालय ने दोनों राज्यों में कुल 16 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि इन खेपों को बाद में जाली जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) और परिवहन दस्तावेजों का इस्तेमाल करके उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में गुटखा तथा पान मसाला बनाने वाली कंपनियों को भेजा जाता था।
अधिकारियों के अनुसार, सिलीगुड़ी स्थित एक गिरोह कथित तौर पर ट्रक चालकों से मासिक भुगतान लेता था और इसके बदले ऐसे टोकन देता था, जो असम सीमा से पश्चिम बंगाल और बिहार के रास्ते बिना जांच के गुजरने की गारंटी देते थे।
भारत पूर्वी हिस्से में म्यांमा के साथ 1,643 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है।


