भारत में जल्द लॉन्च होगा Lava Bold 2 5G, कंपनी ने दी बड़ी जानकारी

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नए स्मार्टफोन को लेकर कंपनी का ऐलान

नई दिल्ली: नोएडा स्थित स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Lava जल्द ही भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Lava Bold 2 5G लॉन्च करने जा रही है। यह फोन पिछले साल लॉन्च हुए Lava Bold 5G का अगला वर्जन यानी सक्सेसर होगा। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि यह फोन एक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

Amazon पर लाइव हुआ माइक्रोसाइट

कंपनी के मुताबिक Lava Bold 2 5G के लिए Amazon पर एक खास माइक्रोसाइट भी लाइव कर दी गई है। इससे यह साफ हो गया है कि फोन को इसी प्लेटफॉर्म के जरिए एक्सक्लूसिव तरीके से बेचा जाएगा। माइक्रोसाइट पर फोन को “ब्राइटर , स्लिमनर , बोल्डर” टैगलाइन के साथ दिखाया गया है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि नया फोन पहले से ज्यादा बेहतर डिजाइन और फीचर्स के साथ आएगा।

डिजाइन और कैमरा सेटअप की झलक

कंपनी ने फोन के डिजाइन की हल्की झलक भी दिखाई है। जानकारी के अनुसार Lava Bold 2 5G में पीछे की तरफ एक रेक्टेंगुलर कैमरा मॉड्यूल होगा, जिसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा। इसके साथ LED फ्लैश भी मौजूद रहेगा। फोन का फ्रेम और रियर पैनल दोनों फ्लैट डिजाइन में होंगे। साथ ही, फोन के दाईं ओर पावर बटन और वॉल्यूम कंट्रोल बटन दिए जाएंगे। कंपनी का दावा है कि यह फोन पतली बॉडी के साथ आएगा।

जल्द सामने आएंगी बाकी जानकारियां

हालांकि फिलहाल कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट, पूरी स्पेसिफिकेशन, फीचर्स और कीमत के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में कंपनी इन सभी बातों का खुलासा करेगी। टेक जगत में इस फोन को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है।

पिछले मॉडल Lava Bold 5G के फीचर्स

बताया जा रहा है कि Lava Bold 2 5G, पिछले साल अप्रैल 2025 में लॉन्च हुए Lava Bold 5G का नया वर्जन होगा। उस समय फोन के बेस 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले मॉडल की शुरुआती कीमत 10,499 रुपये रखी गई थी। संभावना है कि नए फोन की कीमत भी इसी के आसपास हो सकती है।

Lava Bold 5G की खास विशेषताएं

Lava Bold 5G में 6.67 इंच का 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले दिया गया था, जो 120Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसमें 5,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई थी, जो 33W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन में मीडिया टेक डिमेंशिटी6300 चिपसेट, 6GB तक रैम और 128GB तक स्टोरेज की सुविधा भी मिलती है।

कैमरे की बात करें तो इसमें पीछे की तरफ सोनी सेंसर वाला 64 मेगापिक्सल का AI कैमरा दिया गया था, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। साथ ही यह फोन IP64 रेटिंग के साथ आता है, जिससे यह धूल और पानी से कुछ हद तक सुरक्षित रहता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।