झारखंड के तीन कारोबारी दुबई में फंसे, अमेरिका-इजराइल-ईरान तनाव के बीच फ्लाइट रद्द

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : टूरिस्ट वीजा पर सैर-सपाटे के लिए दुबई गए झारखंड के तीन कारोबारी वहां फंस गए हैं। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कई देशों में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं। इसी बीच खबर आई है कि जामताड़ा के प्रकाश नारनोलिया, बोकारो के प्रवीण कुमार सर्राफ और गिरीडीह के रवि प्रकाश दुबई में फंसे हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, तीनों मित्र 24 फरवरी को टूरिस्ट वीजा पर दुबई गए थे। 28 फरवरी को अमीरात की फ्लाइट से इन सभी को वापस आना था, लेकिन युद्ध के कारण तीन घंटे की उड़ान के बाद विमान को दुबई एयरपोर्ट पर वापस उतार दिया गया। हालांकि यूएई सरकार की ओर से लॉजिंग और फूडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके बाद इन लोगों ने पांच दिनों के अंतराल में तीन बार टिकट बुक किया और रद्द कराना पड़ा।

जामताड़ा के प्रकाश नारनोलिया ने बताया कि वहां रोजमर्रा की जिंदगी में किसी तरह की परेशानी नहीं है। हालांकि धमाके की आवाज लगातार सुनाई देती है। मोबाइल पर अलार्मिंग सायरन बजता है और लोगों को चेतावनी दी जाती है कि वे खिड़की-दरवाजों के पास न जाएं।

इन लोगों ने भारतीय दूतावास से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दूतावास की ओर से एयरलिफ्ट करने से मना कर दिया गया। वजह बताई गई कि काफी संख्या में ट्रैवलर फंसे हैं और अभी भारतीय सरकार की ओर से एयरलिफ्ट के लिए कोई दिशा-निर्देश नहीं आया है।

झारखंड के तीनों कारोबारी 4 मार्च को बुर्ज खलीफा में भी घूमने पहुंचे, जहां किसी तरह का डरावना माहौल नहीं था। दुबई में फ्लाइट किराए में भी भारी वृद्धि हुई है। जहां पहले 20 हजार रुपये का टिकट मिलता था, अब 1.25 लाख से 1.5 लाख रुपये में खरीदना पड़ रहा है। गुरुवार को तीनों ने फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से मुंबई के लिए टिकट लिया और फ्लाइट पकड़ने के लिए फुजैराह के लिए निकल चुके हैं।

 

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।