उपेंद्र कुशवाहा ने की सीएम नीतीश से मुलाकात

दोनों नेताओं के बीच राज्यसभा चुनाव पर चर्चा हुई

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी हलचल बीच रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में एनडीए सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर सहयोगी दलों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है और मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात भी उसी क्रम में है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात कोई नई बात नहीं है, वे पहले भी कई बार मिलते रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा पर कहा कि वे पहले व्यक्ति थे जिन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए। उनके अनुसार यह एक सकारात्मक कदम हो सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर कुशवाहा ने कहा कि अगर वे दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होते हैं तो बिहार के लोगों को स्वाभाविक रूप से कुछ कमी महसूस होगी। उन्होंने कहा कि अभी तक नीतीश कुमार बिहार में रहकर राजनीति करते थे, लेकिन अब अगर वे दिल्ली में रहेंगे और वहीं से राजनीति करेंगे तो लोगों को उनका अभाव जरूर महसूस होगा।

बता दें कि राज्यसभा चुनाव के गणित की बात करें तो यह चुनाव उपेंद्र कुशवाहा के लिए आसान नहीं माना जा रहा है। जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि यदि तीन विधायकों की जरूरत पड़ी तो वे विपक्ष से समर्थन कैसे जुटाएंगे? इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जरूरत पड़ी तो वे पत्रकारों से ही विधायक मांग लेंगे।

उल्लेखनीय कि बिहार विधानसभा में एनडीए के 202 विधायक होने के कारण 4 सीटों पर राज्यसभा चुनाव जितना तय है। वहीं पांचवी सीट पर उपेंद्र कुशवाहा को तभी जीत मिलेगी जब विपक्षी खेमे में क्रॉस वोटिंग हो। ऐसे में संख्या बल के हिसाब से उपेंद्र कुशवाहा के लिए फ़िलहाल मुश्किल वाली स्थिति है।

Share This Article