
लखनऊ: यूपी पुलिस की सबसे चर्चित IPS जोड़ी अंशिका वर्मा और कृष्ण कुमार बिश्नोई शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। यह हाई-प्रोफाइल शादी 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में होने वाली है। कृष्ण कुमार बिश्नोई इस समय संभल के एसपी हैं, जबकि अंशिका वर्मा बरेली की एसपी साउथ हैं। दोनों की शादी की तारीख तय होने के साथ हल्दी, संगीत और मेहंदी की रस्में भी फाइनल हो चुकी हैं। कृष्ण कुमार मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले हैं और अंशिका वर्मा प्रयागराज की हैं।
2018 बैच के IPS कृष्ण कुमार बिश्नोई
कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस हैं। संभल में एसपी पद पर रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके साहस और प्रशासनिक सूझबूझ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। साल 2024 में उन्हें गोरखपुर से संभल भेजा गया था। कृष्ण कुमार ने अपनी ग्रेजुएशन सेंट स्टीफंस कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी से की और इसके बाद यूपीएससी पास कर आईपीएस बने।
जानिए कौन है IPS अंशिका वर्मा
अंशिका वर्मा 2021 बैच की IPS हैं। वह प्रयागराज की रहने वाली हैं और इस समय बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। अंशिका ने बरेली में रहते हुए एनडीपीएस, हत्या जैसे कई चुनौतीपूर्ण मामलों को बेहद कम समय में हल किया। उनके कड़े फैसलों की वजह से वह हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। अंशिका ने गलगोटिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, नोएडा से बीटेक किया। 2020 में यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल की। उन्होंने साल 2025 में यूपी की पहली “वीरांगना यूनिट” भी बनाई, जिसमें महिला कमांडोज को ताइक्वांडो और दंगों से निपटने की विशेष ट्रेनिंग दी जाती है।
संभल में 100 करोड़ का घोटाला उजागर
संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के बीमा घोटाले का पर्दाफाश किया और 69 माफियाओं को जेल भेजा। इसके अलावा, उन्होंने संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिठा साठा गैंग पर भी कड़ी कार्रवाई की।
