
रांची: पुंदाग ओपी क्षेत्र की पॉश कॉलोनियों में शामिल सेल सिटी मंगलवार दोपहर एक जोरदार धमाके से दहल गया। ब्लॉक E-1 के एक फ्लैट में रसोई गैस सिलेंडर फटने से धमाका हुआ, जिसकी आवाज पूरे सोसाइटी में सुनाई दी। धमाके के तुरंत बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के फ्लैट्स की खिड़कियां और दरवाजे हिल गए। कुछ देर लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या।
धमाके के कुछ ही मिनटों में फ्लैट में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरा घर आग की चपेट में आ गया। अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धुआं और आग का गुबार काफी डरावना था, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
धमाके की आवाज सुनते ही सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और निवासी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेज़ी के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही पुंदाग ओपी पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात रही कि आग अन्य फ्लैट्स तक फैलने से पहले ही नियंत्रण में की गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, ब्लास्ट वाले फ्लैट में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
