
फोरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण खरीद की हो उच्चस्तरीय जांच
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य में फोरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण में हुई करोड़ों की लूट पर प्रतिक्रिया दी है।श्री साहू ने कहा कि हेमंत सरकार लूट और भ्रष्टाचार की सरकार बन गई है। राज्य सत्ता के संरक्षण में रोज घोटाले हो रहे हैं। हेमंत सरकार एक-दो नहीं बल्कि हजार हाथों से झारखंड को लूट और लुटवा रही है। पंचायत से लेकर सचिवालय तक, मंत्री से लेकर मंत्रालय तक चौतरफा लूट मची है।बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा। आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार का मुंह सुरसा के मुंह से भी बड़ा हो गया है। जिसका परिणाम है राज्य में फॉरेंसिक डिटेक्टिव उपकरण की खरीद 229% अधिक कीमत पर हुई है। जिस मशीन को उसी कंपनी से दिल्ली की सरकार ने 19 लाख 9 हजार 424 रूपये में खरीदा है उसे झारखंड सरकार ने चार गुने कीमत पर 74 लाख 89 हजार रुपए में खरीदा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यदि बेदाग हैं तो इस खरीद की उच्च स्तरीय जांच अविलंब कराएं। उपकरण खरीद से संबंधित संचिका अविलंब जब्त की जाए तथा राज्य को लूटने वाले ऐसे भ्रष्ट पदाधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने की कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे लोग राज्य को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं।

