
मुंगेर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को समृद्धि यात्रा पर मुंगेर में जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में जब उन्हें सत्ता मिली, उस समय बिहार की कानून-व्यवस्था बिगड़ी थी। पूरे बिहार में शाम ढलते ही नागरिक घरों में घुस जाते थे। परंतु आज बिहार में कानून का राज है और नागरिक देर शाम भी निडर होकर बिहार के किसी कोने में घूम सकते हैं।
उन्होंने शिक्षा, सरकारी नौकरी, स्वरोजगार ,कृषि उत्पादन, दुग्ध और मछली उत्पादन में बिहार में हुई प्रगति की चर्चा की और कहा कि बिहार सभी क्षेत्रों में तेजी से विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बिहार विकसित राज्यों की श्रेणी में आ जाएगा। वहीं, केंद्रीय पशुपालन, मत्स्यपालन, डेयरी और पंचायती राज मंत्री एवं मुंगेर के जदयू सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नीतीश ने बिहार में सत्ता संभालने के बाद मुंगेर में सबसे पहले आतंक का राज खत्म किया। कानून का राज स्थापित किया। बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर में राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल और कई तकनीकी संस्थानों की स्थापना की और मुंगेर को समृद्ध मुंगेर बनाया ।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार के आर्थिक विकास में कृतिमान स्थापित किया है। 2005 के पूर्व बिहार का बजट 23000 करोड़ का था जबकि आज 20 वर्षों के नीतीश कुमार के शासन के बाद बिहार का बजट तीन लाख 17 हजार करोड़ तक पहुंच गया है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विजय चौधरी, मुंगेर के भाजपा विधायक कुमार प्रणय, जमालपुर के जदयू विधायक नचिकेता मंडल, भाजपा के एमएलसी लाल मोहन गुप्ता और अन्य उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुंगेर में 22 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया और 87 करोड़ की 52 विकास और कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया। जनता दल यू के जिला अध्यक्ष सौरभ निधि ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया।

