
Governor Santosh Gangwar Attends the Convocation Ceremony of IIM Ranchi : रांची स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान रांची के दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि दीक्षांत समारोह का यह दिन विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल सफल पेशेवर बनने, बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय प्रबंध संस्थान रांची देश के अग्रणी प्रबंधन संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है और यह संस्थान शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
राज्यपाल ने संस्थान में स्थापित ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेंटर फॉर पॉलिसी, लीडरशिप एंड गवर्नेंस’ और भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर बने ‘सेंटर फॉर ट्राइबल अफेयर्स’ की सराहना करते हुए कहा कि ये केंद्र समावेशी विकास और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में चुनौतियों के साथ-साथ अवसर भी बढ़े हैं, ऐसे में युवाओं को अपने निर्णयों में नैतिकता, पारदर्शिता और मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और नवाचार के बल पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान दें।
इस मौके पर राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी से समारोह और भी प्रेरणादायक बन गया। साथ ही उन्होंने अमित खरे के योगदान की भी सराहना की।
अंत में राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की।
