
High Speed Car Wreaks Havoc in Chhapra : छपरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एकमा-मांझी मुख्य मार्ग पर नौतन बाजार मोड़ के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार में अवैध शराब लदी थी और वह मांझी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे नौतन मोड़ पर पान दुकान खोल रहे 58 वर्षीय मुसाफिर चौरसिया को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एकमा-मांझी सड़क को जाम कर दिया और मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

