
Accident During Ram Navami Stunt in Hazaribagh : हजारीबाग में ऐतिहासिक रामनवमी के अवसर पर पारंपरिक उत्साह के बीच झांकियों और करतबों का आयोजन किया गया। लेकिन इस दौरान सैकड़ों लोग घायल हो गए। मेडिकल अपडेट के अनुसार, शनिवार देर शाम से रविवार दोपहर 1:30 बजे तक लगभग 5200 लोग चोटिल हुए।
घायलों में से दो गंभीर मरीजों को रिम्स रेफर किया गया, जबकि 6-7 लोग सदर अस्पताल में भर्ती हैं। दुर्भाग्यवश, दो लोगों की मौत हो गई। इनमें से एक मृतक की उम्र लगभग 20-22 वर्ष बताई जा रही है, जबकि दूसरे की मौत रेफर के दौरान रास्ते में हो गई। मृतक की पहचान ग्वालटोली निवासी अभिषेक वर्मा के रूप में हुई है।
सदर अस्पताल में प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए पूरी व्यवस्था की है। डीडीसी अस्पताल में कैंप कर रहे हैं ताकि इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों का उपचार कर रही है। ट्रॉमा इंचार्ज डॉ. अभिषेक ने बताया कि अभी तक लगभग 450 घायल आए हैं, जिनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए रामनवमी के आयोजन को निगरानी में रखा है। सभी डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पूरी तरह अलर्ट हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
