
Ultrasound Centers Approval: जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक गुरुवार को सदर अस्पताल के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की। इस दौरान जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
6 नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों को हरी झंडी
बैठक में समिति ने कुल 6 नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के निबंधन को मंजूरी दी, वहीं 4 केंद्रों के नवीनीकरण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा मशीनों की फॉर्म-बी में प्रविष्टि और दस्तावेजों की जांच के बाद डॉक्टरों की जॉइनिंग को भी अनुमति दी गई।
इन प्रस्तावों को भी मिली मंजूरी
समिति ने विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी, जिनमें USG मशीन स्थानांतरण के 1 आवेदन, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के 7 आवेदन, मशीन खरीद के 6 आवेदन, फॉर्म-बी प्रविष्टि से जुड़े 19 आवेदन को मंजूरी दी गई। वहीं एक लाइसेंस मशीन के डिस्मेंटलिंग या रिफर्बिशिंग के लिए जमा किया गया।
MRI और CT स्कैन पंजीकरण पर भी चर्चा
बैठक में MRI और CT स्कैन मशीनों के पंजीकरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस दिशा में प्रक्रियाओं को और पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
नियमित निरीक्षण के निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी प्रकार का नियम उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि PC & PNDT अधिनियम के तहत भ्रूण लिंग जांच पर प्रतिबंध है और इसके उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है। ऐसे में जिला प्रशासन लगातार निगरानी और सख्ती के जरिए इस कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दे रहा है, ताकि लिंगानुपात संतुलन बनाए रखा जा सके।
