
रांची : झारखंड के यात्रियों के लिए रेलवे ने गर्मियों के मद्देनज़र बड़ी राहत भरी घोषणा की है। ट्रेनों में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए हटिया और मुंबई के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08609 हटिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को हटिया से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शाम 4:20 बजे हटिया से खुलकर राउरकेला, बिलासपुर, नागपुर, भुसावल, मनमाड़ और कल्याण होते हुए बुधवार तड़के 12:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 08610 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–हटिया साप्ताहिक स्पेशल 8 अप्रैल से 1 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को मुंबई से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 5:00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलकर गुरुवार शाम 6:00 बजे हटिया पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इनमें सामान्य श्रेणी, स्लीपर, एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और प्रथम श्रेणी के कोच शामिल हैं, जिससे सभी वर्ग के यात्रियों को राहत मिलेगी।
इसी क्रम में रेलवे ने सांतरागाछी–अजमेर साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन के संचालन अवधि को भी बढ़ाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 08611 सांतरागाछी–अजमेर स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 08612 अजमेर–सांतरागाछी स्पेशल 9 अप्रैल से 2 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों की समय सारणी, ठहराव और कोच संयोजन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साथ ही, यात्रियों की सुविधा के लिए गिधनी स्टेशन पर इन ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी दिया गया है।
श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र स्मरणोत्सव के अवसर पर कुछ ट्रेनों का गिधनी स्टेशन पर अस्थाई ठहराव होगा। ये ट्रेनें गिधनी स्टेशन पर 2 मिनट के लिए रुकेंगी।
22891 हावड़ा – रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस (वाया – टाटानगर) का 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक गिधनी स्टेशन पर आगमन 15:12 बजे एवं प्रस्थान 15:14 बजे होगा।
22892 रांची – हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (वाया – टाटानगर) का 15 अप्रैल से 18 अप्रैल तक गिधनी स्टेशन पर आगमन 12:15 बजे एवं प्रस्थान 12:17 बजे होगा।

