

Ranchi DC Action : रांची में जनता दरबार के दौरान जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।





नगड़ी अंचल से जुड़े एक गंभीर मामले में एक ही प्लॉट पर दाखिल-खारिज को स्वीकृत और अस्वीकृत करने की शिकायत सामने आने पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही संबंधित कर्मचारी के खिलाफ 48 घंटे के भीतर शोकॉज नोटिस जारी कर आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश का पालन नहीं होने पर जिम्मेदार पदाधिकारी पर भी कार्रवाई की जाएगी।
एक अन्य म्यूटेशन मामले को लंबे समय तक लंबित रखने पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी, सीआई और संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि पहले भी शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
शिक्षा से जुड़े मामले में एक स्कूल द्वारा सातवीं पास छात्र को रिपोर्ट कार्ड के बजाय ट्रांसफर सर्टिफिकेट देने की शिकायत पर जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया, ताकि छात्र का भविष्य प्रभावित न हो।
इसके अलावा एक धोखाधड़ी के मामले में, जहां मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति के नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलने का आरोप लगा, उपायुक्त ने जांच कर संबंधित शिक्षक के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में पहुंचे एक बुजुर्ग की पेंशन समस्या का भी मौके पर समाधान किया गया। जांच में पाया गया कि आधार सीडिंग नहीं होने के कारण राशि नहीं मिल रही थी, जिस पर एलडीएम को जल्द सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अन्य मामलों में मंईयां सम्मान योजना, अनुकंपा नियुक्ति, शिक्षा का अधिकार, भूमि विवाद और प्रमाण पत्र निर्गत करने से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने दोहराया कि जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है और हर शिकायत का समयबद्ध व पारदर्शी निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है।
