
Hazaribagh Crime News : हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बड़कागांव क्षेत्र में ज्वेलरी शॉप में फायरिंग कर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह के 7 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 1 देसी पिस्टल, 13 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन और 1 बाइक बरामद की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 7 फरवरी को बड़कागांव स्थित नंदिनी ज्वेलर्स में फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस पूरी घटना का मास्टरमाइंड स्थानीय निवासी संदीप कुमार सोनी है, जिसने पहले दुकान की रेकी की और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।
लूटे गए गहनों को आरोपियों ने पिघलाकर बेच दिया, जिससे पहचान मिटाई जा सके।
8 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर टीपी-05 के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान झाड़ियों में छिपे तीन संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान चतरा जिले के विनोद कुमार भुईयां, प्रिंस यादव और तेजु कुमार भोक्ता के रूप में हुई।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस कार्रवाई को हजारीबाग पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

