
रांची : साल 2021 के चर्चित दहेज हत्या मामले में अदालत ने बड़ा निर्णय सुनाया है। न्यायायुक्त अरविंद कुमार की अदालत ने महिला के पति, सास, ससुर और देवर को दोषी माना है। सजा को लेकर अब गुरुवार को सुनवाई होगी। जिन लोगों को दोषी ठहराया गया है, उनमें पति शीतल साहू, सास शीला देवी, ससुर रामचंद्र साहू और देवर सुजीत साहू शामिल हैं।
यह घटना वर्ष 2021 में नारकोपी थाना क्षेत्र के खुखरा कोलपारा गांव की है। मृतका श्रेता रानी को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट भी करते थे। 6 अक्टूबर 2021 को ससुराल वालों ने मृतका के भाई को फोन कर बताया कि वह कहीं चली गई है।इसके बाद परिवार वाले गांव पहुंचे और काफी खोजबीन की। उसी दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर एक कुएं से महिला का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद मृतका के भाई ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई।
मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने चारों आरोपियों को दोषी पाया है। अब सजा कितनी होगी, इसका फैसला अगली सुनवाई में किया जाएगा।

