
NCORD Meeting : रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर रोक लगाने को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तदाशा मिश्र (महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड) ने की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रांची, चतरा, पलामू, चाईबासा, हजारीबाग, लातेहार, सरायकेला-खरसावां और खूँटी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2025 में अफीम की अवैध खेती के विनष्टीकरण, 2025-26 फसली वर्ष में नष्ट की गई भूमि के सत्यापन, दर्ज मामलों की स्थिति और बड़े तस्करों के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
DGP ने निर्देश दिया कि अवैध अफीम की खेती में शामिल बड़े नेटवर्क की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही PIT NDPS Act के तहत प्रस्तावों की स्थिति और जिला स्तरीय NCORD बैठकों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक ने संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संयुक्त कार्रवाई करने, जब्त अफीम का नियमानुसार विनष्टीकरण कराने और मामलों में ठोस साक्ष्य जुटाकर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही सेटेलाइट इमेज के जरिए अवैध खेती की पहचान करने, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और आम लोगों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और जिलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।

