झारखंड में चार नए मेडिकल कॉलेजों की योजना को मंजूरी, खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और धनबाद में अस्पताल होंगे अपग्रेड

झारखंड के चार जिलों खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और धनबाद में सदर अस्पतालों को अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड सरकार ने राज्य के चार जिलों—खूंटी, गिरिडीह, जामताड़ा और धनबाद—में सदर अस्पतालों को अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की विस्तृत रूपरेखा को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर कुल 1,249 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है, जिसमें केंद्र, राज्य सरकार और निजी भागीदारों की हिस्सेदारी तय की गई है।

जानकारी के अनुसार, इस परियोजना में भारत सरकार 464.23 करोड़ रुपये और राज्य सरकार 308.37 करोड़ रुपये का अनुदान देगी, जबकि शेष पूंजीगत लागत निजी भागीदारों द्वारा वहन की जाएगी। इसके अलावा, अगले पांच वर्षों के संचालन एवं रखरखाव (O&M) पर 660.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

धनबाद जिला अस्पताल के अपग्रेडेशन में केंद्र और राज्य सरकार 30-30 प्रतिशत योगदान देंगी। वहीं, गिरिडीह और जामताड़ा में केंद्र सरकार 40 प्रतिशत और राज्य सरकार अधिकतम 20 प्रतिशत पूंजीगत अनुदान देगी। खूंटी में दोनों सरकारों की हिस्सेदारी 40-40 प्रतिशत तय की गई है।

O&M खर्च में भी अलग-अलग जिलों के लिए अलग मॉडल अपनाया गया है, जिसमें केंद्र सरकार का योगदान 25 से 50 प्रतिशत तक और राज्य सरकार का योगदान 15 से 25 प्रतिशत तक रहेगा।

इस परियोजना में तकनीकी सहयोग के लिए अर्नेस्ट एंड यंग को ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त किया गया है। साथ ही टेंडर प्रक्रिया और अनुदान वितरण के लिए विभिन्न स्तरों पर समितियों का गठन भी कर दिया गया है।

सरकारी योजना के अनुसार खूंटी मेडिकल कॉलेज चार वर्षों में जबकि धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा के मेडिकल कॉलेज पांच वर्षों में पूरे किए जाएंगे। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2030-31 के बीच चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।