
Jharkhand State Information Commission : झारखंड राज्य सूचना आयोग को चार नए राज्य सूचना आयुक्त मिल गए हैं। बुधवार को रांची स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को राज्य सूचना आयुक्त पद की शपथ दिलाई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त आयुक्तों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना का अधिकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने का एक अहम माध्यम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नए आयुक्त पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि नए आयुक्तों की नियुक्ति से झारखंड राज्य सूचना आयोग के कामकाज में तेजी आएगी। साथ ही सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों के निष्पादन में भी सुधार होगा, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। नए आयुक्तों के कार्यभार संभालने के बाद आयोग में लंबित मामलों के निपटारे में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

