
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
पलामू : जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ी गांव स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्कॉर्पियो और बुलेट की टक्कर में बुलेट सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव निवासी आकाश पांडेय के रूप में हुई है। वह भाजपा सांसद के करीबी ईश्वरी पांडेय के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटना स्थल पर उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

