Deoghar Cyber Crime : झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना की टीम ने फर्जी कस्टमर केयर बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जसीम अंसारी और अनिल मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एक बैंकिंग सिम बरामद किया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेज़न और एयरटेल पेमेंट्स बैंक जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कॉल करते थे। ये लोग पहले गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड करते थे, जिससे लोग मदद के लिए उन्हीं नंबरों पर संपर्क करते थे।
इसके बाद आरोपी प्रधानमंत्री किसान योजना, SBI क्रेडिट कार्ड लिंकिंग और कैशबैक ऑफर का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग डिटेल्स हासिल करते थे। कई मामलों में PhonePe और Paytm के जरिए गिफ्ट कार्ड बनवाकर पैसे की ठगी की जाती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें।


