
Patna Crime News : राजधानी पटना के शास्त्री नगर इलाके में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ। ललित भवन के पास लिंक पथ पर मिले इस शव को देखकर स्थानीय लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची बिहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि लड़की के शरीर पर चोट के कई निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका यह भी है कि अपराध कहीं और किया गया और पहचान छिपाने के लिए शव को यहां लाकर फेंका गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

