
Garhwa Fire Incident: झारखंड के गढ़वा जिले में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक कैंप में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मेराल थाना क्षेत्र के अकलवानी स्थित कैंप में हुए इस हादसे में करीब 100 से अधिक मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के तहत खजुरी से विंढमगंज फोरलेन निर्माण का काम कर रही कंपनी एमजी कॉन्ट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टाफ क्वार्टर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से फैलकर चार ब्लॉकों को अपनी चपेट में ले लिया।
एस्बेस्टस शीट और थर्मोकोल से बने क्वार्टरों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब 100 फीट लंबे चार क्वार्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस दौरान मजदूरों के कपड़े, नकदी और दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों और कंपनी कर्मियों के सहयोग से बड़ा हादसा टल गया।
आग बुझाने के दौरान महादेव साह को हाथ-पैर में चोटें आईं, जबकि नेपाल साहू झुलस गए। दोनों घायलों को मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंप में रह रहे लगभग 100 कर्मचारियों के पास अब केवल उनके पहने हुए कपड़े ही बचे हैं, बाकी सभी सामान आग में जल गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

