पटना : बिहार का विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एक बार फिर भव्य अंदाज में सजने जा रहा है। सारण जिले में लगने वाले इस मेले का उद्घाटन 22 नवंबर को होगा, जबकि इसका समापन 23 दिसंबर को होगा। यानी पूरे 32 दिनों तक यहां आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का महासंगम देखने को मिलेगा। मेले को खास बनाने के लिए पर्यटन विभाग जोर-शोर से तैयारियों में जुटा है। इस बार पर्यटकों के ठहरने के लिए शानदार स्विस कॉटेज बनाए जाएंगे। वहीं, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी आकर्षण का बड़ा केंद्र होगा, जहां देशभर के कलाकार अपनी कलाकृतियां और हुनर दिखाएंगे। मेले में भागवत कथा, रामलीला, गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी जैसे शानदार आयोजन होंगे। इसके अलावा लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की भी धूम रहेगी। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार सोनपुर मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचेंगे।



