
Santaragachi Khatipura Express: रांची समेत झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेल मंत्रालय ने संतरागाछी और खातीपुरा (जयपुर) के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है। नई ट्रेन शुरू होने से झारखंड और राजस्थान के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे बोर्ड के अनुसार ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस जल्द परिचालन शुरू करेगी। यह ट्रेन टाटानगर, रांची और टोरी होते हुए जयपुर पहुंचेगी।
जारी समय-सारणी के अनुसार ट्रेन संख्या 18061 संतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा से सुबह 9:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह सेवा साप्ताहिक होगी। संतरागाछी से ट्रेन हर बुधवार और खातीपुरा से हर शुक्रवार को चलेगी।
नई एक्सप्रेस ट्रेन खड़गपुर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, डाल्टनगंज, प्रयागराज, कानपुर और आगरा समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इससे झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यात्रियों का कहना है कि अब जयपुर और राजस्थान के अन्य शहरों तक पहुंचने के लिए बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय की बचत वाली होगी।
जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने कहा कि इस ट्रेन सेवा से खासकर विद्यार्थियों, व्यापारियों और राजस्थान मूल के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। वहीं संजय सेठ ने ट्रेन सेवा की मंजूरी पर नरेंद्र मोदी और अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि इससे व्यापार, पर्यटन और सामाजिक संबंधों को मजबूती मिलेगी।

