
Sonahatu Accident : रांची में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब विदाई के बाद लौट रही एक कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। सोनाहातू थाना क्षेत्र के बुंडू-राहे मार्ग पर मारनाडीह पुल के पास कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दूल्हा अपने परिवार के साथ राहे में आयोजित विवाह समारोह से दुल्हन को लेकर हटिया लौट रहा था। इसी दौरान मारनाडीह के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलटते हुए खाई में जा गिरा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनाहातू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल बुंडू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

