
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मिश्रा बगान इलाके में स्थित एक फार्म हाउस पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जिस फार्म हाउस पर फायरिंग हुई, उसे रांची के होटवार जेल में बंद प्रकाश मिश्रा से जुड़ा बताया जा रहा है। लगातार चली गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। कई परिवार डर की वजह से अपने घरों के अंदर ही बंद हो गए। इलाके में कुछ देर के लिए दहशत जैसा माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखा बरामद किए हैं, जिससे साफ है कि बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ललित मीणा और सिटी डीएसपी सुनील चौधरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। देर रात तक पुलिस टीम इलाके में जांच और सर्च अभियान चलाती रही।
दो बाइक और एक कार से पहुंचे थे बदमाश
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि इस वारदात में करीब सात बदमाश शामिल थे। बताया जा रहा है कि आरोपी दो बाइक और एक कार से मौके पर पहुंचे थे। फायरिंग करने के बाद सभी आरोपी तेजी से फरार हो गए। जांच के दौरान विकास झा उर्फ सोनू का नाम भी सामने आया है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस मामले को आपसी दुश्मनी और जमीन विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद मिश्रा बगान इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। इसके साथ ही संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।

