
रांची : लगातार बदलते मौसम ने झारखंड-बिहार समेत देश के कई राज्यों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कहीं भीषण गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है तो कहीं तेज आंधी और बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने झारखंड, बिहार और उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, झारखंड और बिहार में 12 से 17 मई के बीच मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान अलग-अलग जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
वहीं बिहार में 12 से 14 मई तक बारिश का अनुमान लगाया गया है। माना जा रहा है कि इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि खराब मौसम की वजह से जनजीवन पर असर पड़ने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। उधर उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम लगातार करवट ले रहा है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को आए तूफान और बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया। कई जगहों पर पेड़ गिर गए, घरों की छतें उड़ गईं और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
दिल्ली में भी मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को राजधानी में बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम और ज्यादा खराब हो सकता है, क्योंकि 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।

