
रामगढ़ : रामगढ़ शहर के पारसोतिया इलाके में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने की वजह से बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घायल युवक की पहचान रामगढ़ के बंगाली टोला निवासी अंकित यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गोली उसके सीने में लगी है जो अब भी शरीर के अंदर फंसी हुई है, जिससे कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे आनन-फानन में रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उसे रिम्स रांची भेज दिया गया।
घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं
गोली आखिर कैसे चली और इसके पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर इलाके में अलग-अलग तरह की बातें सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे निजी विवाद या कथित प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं कुछ लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि युवक ने खुद को गोली मारी हो सकती है। हालांकि अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके पीछे की असली वजह क्या थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

