
झारखंड: झारखंड पुलिस ने 2.54 करोड़ रुपये से अधिक का मादक पदार्थ और अवैध शराब जब्त की है। पुलिस राज्य के अलग-अलग जिलों में चलाए गए अभियान में 7 तस्करों को भी दबोचा है। नशे और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस ने खूंटी, सिमडेगा, बोकारो और रामगढ़ समेत पांच जिलों में अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर यह कार्रवाई की।
सबसे बड़ी बरामदगी खूंटी जिले में हुई, जहां पुलिस ने एक ट्रक से 1,388 किलोग्राम पोस्ता भूसी (पॉपी हस्क) जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.08 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, ट्रक उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। रानिया थाना क्षेत्र के भालूटोली गांव के पास चेकिंग अभियान के दौरान ट्रक को रोका गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया कि ट्रक से 69 बोरे में भरी पोस्ता भूसी बरामद हुई है। वाहन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में पंजीकृत है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अन्य जिलों में भी पकड़ा गया माल
इसी जिले में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दो इंटरस्टेट ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 14.52 ग्राम ब्राउन शुगर और 55 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, सिमडेगा जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार कर 43 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इसकी कीमत करीब 21.5 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के पास से तीन पिस्तौल और कारतूस भी मिले हैं।

