
Bokaro News : बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र स्थित जंगल में बड़ी संख्या में संवेदनशील दस्तावेज मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। टीवी टावर से सेक्टर-11 जाने वाली सड़क किनारे जंगल में सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड, ATM कार्ड और PAN कार्ड बिखरे हुए मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दस्तावेजों को जब्त कर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 500 वोटर आईडी कार्ड, 70 ATM कार्ड और 25 PAN कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कई वोटर कार्ड पर दर्ज पते संदिग्ध या गलत प्रतीत हो रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, बरामद दस्तावेजों में कई कार्डों की वैधता वर्ष 2027 से 2030 तक बताई जा रही है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दस्तावेज मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं कि इन्हें यहां किसने और क्यों फेंका।
इस मामले पर बोकारो के उपायुक्त Ajay Nath Jha ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि दस्तावेज कहां से आए, किसके हैं और कहीं इनका इस्तेमाल किसी फर्जी गतिविधि में तो नहीं किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

