
रांची: झारखंड के कई जिलों में अगले 1 से 3 घंटे के वज्रपात तेज हवा और बारिश की संभावना जताई गई है। रांची मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ वज्रपात हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी संकेत दिए गए हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने तात्कालिक अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह असर बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, गढ़वा, लातेहार, पलामू, चतरा और कोडरमा जिलों में कहीं-कहीं देखने को मिल सकता है।
क्या रखें ध्यान
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अलर्ट के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। सुरक्षित स्थान पर रहें और खुले में जाने से बचें। पेड़ के नीचे खड़े न हों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान खेतों में न जाएं। मौसम सामान्य होने का इंतजार करें और बिजली के उपकरणों का उपयोग फिलहाल न करें।

