बोकारो के चर्चित विष्णु शर्मा हत्याकांड में फैसला, दो दोषियों को उम्रकैद

बोकारो के चर्चित विष्णु शर्मा हत्याकांड में अदालत ने दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई, साथ ही आर्म्स एक्ट और साक्ष्य मिटाने के मामले में अतिरिक्त सजा दी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro News : बोकारो के चर्चित विष्णु शर्मा हत्याकांड में करीब तीन साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। एडीजे प्रथम की अदालत ने मामले के दो आरोपियों सनोज सिंह और अजीत सिंह को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत के फैसले के बाद मृतक के परिजनों ने राहत जताते हुए न्यायपालिका पर भरोसा व्यक्त किया।

यह मामला 19 मई 2023 को चास थाना क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी का है, जहां फुदनीडीह निवासी विष्णु शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, आरोपियों ने विष्णु शर्मा को शाम करीब छह बजे अपने घर बुलाया और पूर्व नियोजित साजिश के तहत उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या माना और मामले में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर आरोप पत्र दाखिल किया गया। करीब तीन वर्षों तक चली सुनवाई में अभियोजन पक्ष ने अदालत के समक्ष 13 गवाह पेश किए, जिनके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी पाया।

अदालत ने हत्या के मामले में दोनों दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाने के साथ-साथ साक्ष्य मिटाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 201 के तहत सात वर्ष की अतिरिक्त सजा भी दी। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत भी दोनों को सात-सात वर्ष की अतिरिक्त सजा सुनाई गई है। फैसले के बाद दोनों दोषियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

फैसला आने के बाद मृतक के परिजनों ने कहा कि उन्हें कानून और न्यायपालिका पर भरोसा था और आखिरकार उन्हें इंसाफ मिला। वहीं इलाके में भी इस फैसले की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह निर्णय अपराधियों के लिए सख्त संदेश है कि कानून से बचना आसान नहीं है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।